Showing posts with label CBSE. Show all posts
Showing posts with label CBSE. Show all posts

हरियाणा में खुलेंगे सीएमश्री स्कूल

हरियाणा में खुलेंगे सीएमश्री स्कूल, 25 प्रतिशत सीटों पर गरीबों के बच्चों को दिए जाएंगे दाखिले

  • पीएमश्री की तर्ज पर खोले जाएंगे इंग्लिश मीडियम के सीएमश्री स्कूल, सीबीएसई से होंगे संबद्ध 
  • अधिनियम के तहत गरीब छात्रों को दाखिला नहीं देने वाले निजी विद्यालयों की मान्यता खत्म होगी

पीएमश्री स्कूलों की तर्ज पर सीएमश्री स्कूल खोले जाएंगे। सीबीएसई से मान्यता प्राप्त इंग्लिश मीडियम के इन स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी। आरक्षित सीटों पर जहां बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, वहीं बाकी सीटों पर भी निजी स्कूलों के मुकाबले काफी कम फीस होगी।


शिक्षा मंत्री महीपाल सिंह ढांडा ने बुधवार को प्रश्नकाल में समालखा से भाजपा विधायक मनमोहन भड़ाना के सवाल में जवाब में यह घोषणा की। 

भड़ाना ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें गरीबों के लिए आरक्षित होने के बाद भी स्कूल इस पर अमल नहीं करते। उन्होंने आंकड़े भी सदन में रखे। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों को खाली सीटों का ब्योरा सार्वजनिक करना होता है। उल्लंघन करने वाले कई स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रदेश में वर्तमान में 252 पीएमश्री स्कूल संचालित हैं। सरकार पहले से चल रही सरकारी स्कूलों को ही अपग्रेड करके उन्हें पीएमश्री और सीएमश्री का रूप देगी। इन में फाउंडेशनल लर्निंग पर फोकस, स्किल बेस्ड लर्निंग और एक्सपीरिएंशल लर्निंग पर जोर रहेगा। लैब, लाइब्रेरी और प्लेग्राउंड और स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, सोलर पैनल, तकनीकें व सुरक्षित कैंपस होंगे।


अगले साल अप्रैल तक दादरी में शुरू हो जाएगी डिफेंस ट्रेनिंग

पहला सशस्त्र बल तैयारी प्रशिक्षण संस्थान चरखी दादरी में शुरू होगा। इसके साथ ही हिसार और यमुनानगर में भी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की तैयारी हो गई है। बुधवार को विधानसभा में दादरी विधायक सुनील सांगवान ने बजट घोषणा का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में सैनिक व अर्द्ध-सैनिक मामले मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि अप्रैल-2027 तक दादरी में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इस इंस्टीट्यूट के लिए जमीन भी दी जा चुकी है और उसकी लीज भी हो चुकी है। दादरी जिला प्रशासन की ओर से किसान माडल स्कूल भवन सहित 84 कनाल 12 मरला जमीन 33 वर्षों के पट्टे पर देने का प्रस्ताव भेजा गया था।